पहले तीन से पांच चेहरों की कोर टीम आएगी, इसके बाद बनेगी विस्तृत टीम, हर राज्य के दौरे पर जाएंगे नए अध्यक्ष
Sandhyamidday@नईदिल्ली। भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन इस साल अब पूर्ण अध्यक्ष बन जाएंगे। इसके साथ ही नितिन की नई टीम की चर्चाएं भी शुरू हो गई है। यह तय है कि 45 साल के नितिन की टीम भी अब युवा होगी। इससे युवा चेहरों में उत्साह है, लेकिन अनेक उम्रदराज चेहरे अब घर बैठाए जा सकते हैं। फिलहाल नितिन राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कोर टीम बनाएंगे। यह टीम होली बाद सामने आ सकती है यानी मार्च के अंतिम दिनों तक नितिन की नई टीम के चंद चेहरे सामने आ जाएंगे। इसमें बिहार, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के चेहरे पहले शामिल हो सकते हैं। इसमें चार से पांच चेहरे कोर टीम का हिस्सा बनेंगे, जिसके कुछ समय बाद फिर आगे टीम का विस्तार किया जाएगा।
चुनाव और जमावट का गणित
2026 में पश्चिम बंगाल सहित साउथ के पांच राज्यों के चुनाव हैं। इसके बाद 2027 में उत्तरप्रदेश जैसे अहम राज्य का चुनाव होगा। इसके बाद मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का 2028 में चुनाव आएगा। इसके चलते सबसे पहले 2026 और 2027 के लिए चुनावी बिसात बिछेगी। इसी हिसाब से नितिन नबीन को अपनी नई टीम में राज्यों की हिस्सेदारी देना होगी।
भरोसा, समन्वय, योग्यता व युवा का गणित
नितिन नबीन की टीम में पांच बिंदुओं पर चयन का फार्मूला अपनाया जा सकता है। इसमें सबसे पहले उच्च स्तर पर भरोंसा और नितिन नबीन का भरोसमंद होना काम आएगा। दूसरे नंबर पर समन्वय और योग्य व्यक्ति होना रहेगा। इसके बाद युवा और फिर संतुलन का गणित काम करेगा। इसके तहत नितिन सबसे पहले बिहार के कुछ लोगों को टीम में ले सकते हैं।
प्रोफाइल पर एक नजर
नबीन एक वरिष्ठ भारतीय राजनीतिज्ञ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं। वे बिहार विधानसभा के पांच बार सदस्य रह चुके हैं और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। वे अपनी संगठनात्मक कुशलता और प्रशासनिक अनुभव के लिए व्यापक रूप से जाने जाते हैं।
प्रारंभिक जीवन
उनका जन्म 23 मई, 1980 को रांची, झारखंड में स्वर्गीय श्री नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा और श्रीमती मीरा सिन्हा के घर हुआ था। श्री सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पटना पश्चिम से बिहार विधानसभा के चार बार विधायक रहे। श्री नितिन नबीन की प्रारंभिक शिक्षा सेंट माइकल हाई स्कूल, पटना से पूरी हुई, जहां से उन्होंने 1996 में सीबीएसई बोर्ड से कक्षा 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने सीएसकेएम पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली से माध्यमिक शिक्षा प्राप्त की और 1998 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। उनका विवाह श्रीमती दीपमाला श्रीवास्तव से हुआ है और उनके दो बच्चे हैं – एक बेटा और एक बेटी।
राजनीतिक करियर
श्री नितिन नबीन ने कम उम्र में ही चुनावी राजनीति में प्रवेश किया और पहली बार 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। 2010 से, वे लगातार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होते रहे हैं, और 2010, 2015, 2020 और 2025 में जीत हासिल कर लगातार पांच बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सडक़ निर्माण, शहरी विकास एवं आवास और कानून जैसे महत्वपूर्ण विभागों का भी कार्यभार संभाला है।
अपने विधायी करियर के साथ-साथ, उन्होंने पार्टी संगठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जहां उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदों पर कार्य किया है। उन्हें सिक्किम और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
नितिन नबीन साल 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे. साल 2010 से 2025 तक वो लगातार बांकीपुर सीट से जीतते आ रहे हैं.
नितिन नबीन चयन के समय बिहार की एनडीए सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास मंत्री रहे हैं.नितिन नबीन का जन्म मई 1980 में रांची, झारखंड में हुआ।

