राहुल गांधी ने कहा- ‘गद्दार दोस्त’, मंत्री बिट्टू का जवाब- देश के दुश्मन
sandhyamidday@Newdelhi@ दिल्ली में संसद के बाहर बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू में जुबानी जंग की स्थिति बनी। पूरा मामला मकर द्वार पर कांग्रेस सांसदों के प्रदर्शन के दौरान का है।
दरअसल, हुआ ये कि कांग्रेस के आठ सांसदों के निलंबन के खिलाफ सांसद हाथों में तख्तियां लेकर मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आए तो वे यह कहते हुए आगे बढ़े कि इन्होंने कारगिल की जंग जीत ली है। इसी बीच सीढ़ियों पर चढ़ते समय राहुल गांधी ने उन्हें देखकर हाथ मिलाने की कोशिश की। इस दौरान राहुल ने कहा कि देखो, मेरा गद्दार दोस्त, इसका चेहरा देखिए। चिंता मत करो, तुम वापस आ जाओगे। इस पर हाथ न मिलाते हुए केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने कहा कि देश के दुश्मन और संसद भवन के अंदर प्रवेश कर गए।
कसक क्या
खास बात ये कि बिट्टू तीन बार कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं। कभी वे खुद राहुल गांधी के करीब खड़े रहकर उनकी इनायत का इंतजार करते थे। उन्होंने पहली बार 2009 में आनंदपुर साहिब और फिर 2014 और 2019 में लुधियाना से सांसद रहे। फिर 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बिट्टू ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली। 2024 के चुनाव में उन्हें लुधियाना सीट से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग से हार का सामना करना पड़ा। तब, केंद्र सरकार ने उन्हें राजस्थान से राज्यसभा भेजकर मंत्री बनाया।

