ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के बीच पहुँचे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
मौके पर ही दिए राहत, सर्वे और मुआवज़े के निर्देश
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसान की पीड़ा संवेदना नहीं, समाधान पाएगी: केन्द्रीय मंत्री
Sandhyamidday@अशोकनगर/भोपाल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज बुधवार को अशोकनगर जिले के नरखेड़ा क्षेत्र में पहुँचकर हालिया ओलावृष्टि से प्रभावित अपने अन्नदाता किसान भाई-बहनों से मुलाकात की। खेतों में खड़ी फसलों के नष्ट होने से चिंता से भरे चेहरों को देखकर मंत्री का मन व्यथित हो उठा। उन्होंने कहा कि यह आपदा केवल फसलों का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, आशा और पूरे वर्ष की तपस्या पर पड़ा गहरा आघात है।
खेतों में जाकर हालात का किया प्रत्यक्ष अवलोकन
केन्द्रीय मंत्री ने प्रभावित खेतों का दौरा कर स्वयं फसलों की क्षति का निरीक्षण किया, किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी पीड़ा को सुना। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के दुःख में सहभागी है और संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी।
प्रशासन को दिए त्वरित राहत के निर्देश
मौके पर ही सिंधिया ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए, वास्तविक क्षति का आकलन हो और पात्र किसानों को शीघ्र राहत एवं मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सहायता प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और समयबद्ध हो, ताकि किसानों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में किसान कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों के हित में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर उन्होंने कहा कि किसानों की पीड़ा को केवल शब्दों से नहीं, बल्कि ठोस और त्वरित समाधान के माध्यम से दूर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों के साथ मजबूती से खड़ा रहना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

