http://Everyone in the Congress party is a fake Gandhi.
– भाजपा कार्यकर्ता वीबी-जी राम जी योजना की विशेषताएं और उपलब्धियां जनता को बताएं
Sandhyamidday@भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीबी-जी रामजी योजना को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यशाला के संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश में मूल्यपरक, सिद्धांतनिष्ठ और राष्ट्रहित आधारित राजनीति की स्पष्ट दिशा तय की है। वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान के माध्यम से गांवों और किसानों को सशक्त करने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2024 को महिला सशक्तिकरण, वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाया। अब वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी जी के नाम का हमेशा राजनीतिक दुरूपयोग किया है। कांग्रेस में सब नकली गांधी है, जिन्होंने सदैव गांधी जी के विचारों का दमन किया। महात्मा गांधी जी के नाम का उपयोग करने वाली कांग्रेस भगवान राम विरोधी है। कांग्रेस का गांधी परिवार महात्मा गांधी जी के परिवार के उत्तराधिकारी बनने का ढोंग करते है। वीबी-जी रामजी योजना में भगवान श्रीराम का नाम जुड़ गया तो कांग्रेस विरोध पर उतर आई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, पंचायतों को जवाबदेह बनाने और गांवों में पारदर्शी विकास की व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। कांग्रेस शासनकाल में योजनाओं और संस्थानों के नाम एक ही परिवार तक सीमित कर दिए गए, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने महापुरुषों के विचारों को केवल नामों तक नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने महात्मा गांधी जी के स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए देशव्यापी स्वच्छता अभियान प्रारंभ कर उसे जन-आंदोलन बनाया। महात्मा गांधी जी की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी जी ने खादी, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की भावना को पुनर्जीवित किया है। मोदी जी के नेतृत्व में देश आज गांधी जी के सपनों के भारत की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। वीबी-जी रामजी योजना में श्रमिकों को पूर्व की योजना से डबल दिनों का रोजगार मिलने की व्यवस्था की गई है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना वर्तमान समय की अवश्यकता के अनुरूप बनाई गई है। पहले गरीबों के शोषण करने वाली नीतियां बनती थीं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मजदूरों के साथ सभी समाज वर्गके कल्याण के लिए योजना बन रहीं हैं। पार्टी कार्यकर्ता जनता को बताएं कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने, गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वीबी-जी रामजी योजना बनाना वर्तमान समय की आवश्यकता थी।
भाजपा ने सत्ता के लिए कभी समझौता नहीं किया – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती को सार्थक करने का अवसर है। हम सनातन संस्कृति से प्रेरित ग्रामोदय से अभ्युदय की विकास परंपरा पर चर्चा कर रहे हैं। भारत की सांस्कृतिक विरासत आदिकाल से गांवों के उत्थान के माध्यम से राष्ट्र के अभ्युदय की दिशा दिखाती रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने लोकतंत्र में यह स्पष्ट कर दिया है कि राजनीति सत्ता और वोट के लिए नहीं, बल्कि मूल्य, मर्यादा और राष्ट्रहित के लिए होती है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने एक वोट के कारण सत्ता छोड़ दी थी, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। यही भाजपा की राजनीतिक संस्कृति है। उन्होंने कहा कि कुछ दल लोकलुभावन राजनीति और वोट बैंक के आधार पर सत्ता चलाने का प्रयास करते हैं, जबकि भाजपा मूल्यपरक राजनीति के लिए सत्ता का त्याग भी कर देती है। कांग्रेस हमेशा वोट की राजनीति करती रही है और उसने महात्मा गांधी जी के नाम का उपयोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया। कांग्रेस ने नरेगा को गांधी जी के नाम से जोड़कर मनरेगा कर झूठ बोलने का अभियान चलाया और आज भी गांधी जी के नाम को भुना रही है, इसकी कीमत आने वाले समय में कांग्रेस को चुकाना पड़ेगी। स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने परिवारवाद के भाव को आगे बढ़ाया और सत्ता पर काबिज हुईं। उस दौर में भी कांग्रेस में कई बडे-बड़े नेता थे, लेकिन उन्हें नजरअंदाज किया गया। गांधी जी ने सहजता से इंदिरा को गांधी नाम दिया था, लेकिन कांग्रेस आज भी गांधी जी के नाम को भुनाकर देश-दुनिया में उनकी विरासत का उत्तराधिकारी बताकर ढोंग करती है। उन्होंने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान एवं वीबी-जी रामजी के माध्यम से किसानों के हित में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस भगवान राम को नहीं मानती, अयोध्या से दूरी इसका प्रमाण है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण का निर्णय सुप्रीम कोर्ट ने दिया, जिसे मुस्लिम पक्ष सहित सभी ने स्वीकार किया। भूमिपूजन कार्यक्रम में मुस्लिम समाज की उपस्थिति भी रही, लेकिन कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। आज अयोध्या वैश्विक स्तर पर आस्था का केंद्र बन चुकी है और देश-विदेश से श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए आ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस परिवार का कोई सदस्य आज तक दर्शन के लिए नहीं गया। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने राम मंदिर के भूमिपूजन से लेकर आज तक अयोध्या में भगवान रामलला से दूरी बनाए हुए हैं। यह वही लोग हैं जो वीबी-जी रामजी और जय रामजी पर प्रश्न उठाते हैं। गांधी परिवार में सब नकली गांधी हैं और रामजी को भी नहीं मानते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने समाज को चार वर्गों-युवा, महिला, गरीब और किसान में परिभाषित किया है, जिनमें पूरा भारत समाहित है। मध्यप्रदेश सरकार इसी दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। वीबी-जी रामजी और ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के तहत पार्टी का हर कार्यकर्ता किसानों के कल्याण हेतु योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
इंदिरा ने सभी योजनाओं के नाम बदलकर नेहरू के नाम पर किया था – हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना पूरी तरह से पारदर्शी है। योजनाओं का नाम पहले भी बदले जाते रहे हैं। नाम बदला जाना इसलिए भी आवश्यक हो जाता है, जब उक्त योजना में बहुत अधिक बदलाव किया गया हो। इस योजना में भी ऐसा ही हुआ है। पूर्व की योजना की कमियों को दूर करके मजदूरों और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर वीबी-जी रामजी योजना बनाई गई है। सरकार द्वारा बेरोजगारी भत्ते सहित युवाओं के लिए आर्थिक संबल देने की व्यवस्थाएं की गई हैं तथा नई नीतियों के माध्यम से गांवों में पक्के निर्माण कार्यों को गति देकर ग्रामीण विकास को सुदृढ़ किया जा रहा है। पहले केंद्र सरकार की भागीदारी अधिक रहती थी, अब राज्य सरकार की भागीदारी को बढ़ाकर और जवाबदेह बनाया गया है। नई योजना में 50 प्रतिशत कार्य ग्राम पंचायतों के हिसाब से ही होंगे। वीबी-जी रामजी योजना में पक्के निर्माणों को अनुमति दी गई है, इससे स्व-सहायता समूह की महिलाओं के रोजगार के लिए शेड, गांवों के विकास के लिए पक्की सड़कों के साथ नाली निर्माण, सहित अन्य आवश्यक पक्के निर्माण हो सकेंगे। पक्के निर्माण स्थायी होते हैं, जो गांवों को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने में बहुत सहायक सिद्ध होंगे।
प्रधानमंत्री जी महात्मा गांधी जी के सपनों का भारत बना रहे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जितना सम्मान भारतीय जनता पार्टी करती है, उतना सम्मान अन्य कोई राजनीतिक दल ने कभी नहीं किया। कांग्रेस पार्टी ने गांधी जी के एक भी विचार का आगे नहीं बढ़ाया। जवाहरलाल नेहरू विदेशी वस्तुओं से प्रेम करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने महात्मा गांधी जी के खादी व स्वदेशी को बढ़ावा देकर जन आंदोलन बनाया। वर्तमान में खादी का बैग लेकर चलने पर लोग गर्व करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी महात्मा गांधी जी के सपनों का भारत बना रहे हैं। पूर्व की योजना में 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, लेकिन अब 125 दिन के रोजगार की गारंटी है। रोजगार नहीं मिलने की दिशा में बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा। राज्य सरकारों को अधिकार दिया गया है कि वह फसलों की बुवाई और कटाई के लिए मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने 60 दिन अधिसूचित कर सकते हैं। अब कृषि श्रमिकों की मांग भी पूरी हो सकेगी और मजदूरों को रोजगार भी मिल सकेगा। वीबी-जी रामजी योजना गांवों के समग्र विकास की अवधारणा को साकार करेगी। पहले महात्मा गांधी नरेगा में खर्च की लिमिट तय थी, अब श्रमिकों को 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित कराया जाएगा, उसके लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी। अब कार्यकी मांग के अनुरूप राशि का मिलेगी। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए गांवों का विकास आवश्यक है, इसके लिए ही वीबी-जी रामजी योजना बनाई गई है। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर चौपाल के माध्यम से मजदूरों, किसानों सहित सभी समाज वर्ग के लोगों को बताएं कि आप सभी की बेहतरी व गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए वीबी-जी रामजी योजना बनाई गई है।
जन-जागरण अभियान के जरिए वीबी-जी रामजी योजना की विशेषताएं बताएं
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जन-जागरण अभियान के जरिए वीबी-जी रामजी योजना की विशेषताएं आम जनता तक पहुंचाएं। पार्टी कार्यकर्ता बैठकों, जनसंपर्क, चैपालों के जरिए श्रमिकों, किसानों, मजदूरों सहित आमजन को यह बताएं कि वीबी-जी रामजी योजना क्यों बनानी पड़ीं। उन्होंने कहा कि पहले फूड फॉर वर्क यानी कार्य के बदले अनाज योजना बनाई गई थी। बाद में कई अन्य योजनाएं बनाई गईं, जिनमें समय के अनुसार बदलाव किया जाता रहा और उनके नाम भी बदलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ग्रामीण आवास योजना का नाम बदलकर इंदिरा आवास योजना, ग्रामीण विद्युतीकरण योजना का नाम बदलकर राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना कर दिया था। खेल पुरस्कार का नाम बदलकर राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार करने के साथ लगभग 600 सरकारी संस्थानों के नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर किया गया था। उन्होंने कहा कि जनता को यह भी पता होना चाहिए कि जब यह योजना बनी थी उसका नाम नरेगा था, कांगेस ने राजनीतिक हितों के लिए इस योजना में महात्मा गगांधका नाम जोड़ा था। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। पूरे प्रदेश में जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर समितियां, सम्मेलन, चौपाल, पदयात्राएं, रैलियां, वर्चुअल कार्यशालाएं, सोशल मीडिया और प्रचार अभियान चलाकर लाभों को आमजन तक पहुंचाया जाए। पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता किसान संगठन सहित विभिन्न संगठनों से अपील कर अभियान में सक्रिय भाग लें और वीबी-जी रामजी की विशेषताएं हर गांव, हर घर तक पहुंचाएं।
प्रजेंटेशन भी दिया
भाजपा के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सांसद व वीबी-जी रामजी योजना के जनजागरण अभियान के प्रदेश संयोजक बंशीलाल गुर्जर ने कार्यशाला में प्रजेंटेशन के जरिए योजना की विशेषताएं बताईं। प्रजेंटेशन में बताया गया कि यह योजना पूर्व की नरेगा और महात्मा गांधी नरेगा योजना से किस प्रकार भिन्न है। प्रजेंटेशन के जरिए यह भी बताया गया कि पूर्व की योजना में किस प्रकार फर्जीवाड़ा का शासकीय राशि का दुरूपयोग पंजाब, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में किया गया। प्रजेंटेशन के जरिए यह भी बताया गया कि अब सोशल ऑडिट के साथ रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य होगा। मजदूरों को समय पर भुगतान के साथ गांवों में पक्के निर्माण कार्यों को जोड़ने से गांवों का किस प्रकार से समग्र विकास हो सकेगा।

