राहुल गांधी बोले- कोई और पार्टी भाजपा को नहीं हरा सकती, सिर्फ कांग्रेस ही उसे हराएगी
मोदी कितने भी चुनाव चोरी कर लें, जनता में भारी गुस्सा, उन्हें इसका सामना करना पड़ेगा और वे टिक नहीं पाएंगे- राहुल
‘भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर चुनाव चोरी करने की व्यवस्था बना ली है’
sanshyamidday@नई दिल्ली@लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में कोई और पार्टी भाजपा को नहीं हरा सकती, सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही भाजपा एवं नरेंद्र मोदी को हरा सकती है और हराएगी।
हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित सद्भाव यात्रा में शामिल होने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा द्वारा चुनाव आयोग की मदद से चुनावों में की जा रही धांधली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में चोरी कर जीत हासिल कर रही है; उसने हरियाणा के साथ ही महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव में भी चोरी की है। भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर चुनाव चोरी करने की व्यवस्था बना ली है; मतदाता सूची से लाखों लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और पूरी नौकरशाही भाजपा के नियंत्रण में काम कर रही है। भाजपा सोचती है कि उसका शासन नहीं जाएगा, लेकिन उसके जाने का समय आने वाला है। जनता समझ गई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव चोरी कर रहे हैं; वह यह भी समझ गई है कि देश की संपत्ति अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों के हवाले की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहे कितने भी चुनाव चोरी कर लें, आज जनता में मोदी सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा है और अंत में उन्हें जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा और वे टिक नहीं पाएंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में सिर्फ दो राजनीतिक विचारधाराएं हैं। एक तरफ आरएसएस की नफरत एवं बंटवारे की विचारधारा और दूसरी तरफ कांग्रेस की मोहब्बत एवं एकता की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जांच एजेंसियों का डर दिखाती है, लेकिन कांग्रेस इनसे नहीं डरती। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस भाजपा को हराएगी। इसके बाद नरेंद्र मोदी पर कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि उन्होंने देश के लोकतांत्रिक सिस्टम और बाबा साहेब डॉ भीम राव अंबेडकर के संविधान पर आक्रमण किया है।
बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज हरियाणा समेत पूरे देश में युवा बेरोजगार हैं, लघु – मध्यम उद्योग बंद हो रहे हैं और चीन का सामान देश में बेचा जा रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सद्भाव यात्रा की सराहना करते हुए कुछ साल पहले निकाली गई कन्याकुमारी से कश्मीर तक चार हजार किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को याद किया। उन्होंने कहा कि उस यात्रा में लाखों लोग साथ आए और उनके बीच से ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोलने का नारा निकलकर आया। उन्होंने कहा कि देश को इस नारे की पहले भी जरूरत थी और अब भी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के हर युवा नेता को हर प्रदेश में ऐसी यात्रा करनी चाहिए; यात्राओं से राजनीतिक समझ बढ़ती है, जनता से जुड़ाव होता है और बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

