back to top
Monday, September 28, 2026
spot_img
HomeBreakingज्ञानेश कुमार पर कांग्रेस का चौतरफा वार, अब सड़कों के बाद संसद...

ज्ञानेश कुमार पर कांग्रेस का चौतरफा वार, अब सड़कों के बाद संसद में आर-पार

http://Congress launches a multi-pronged attack on Gyanesh Kumar; the battle now shifts from the streets to Parliament.

एसआईआर को लेकर देशभर में प्रदर्शन,
29 को CWC में आंदोलन की अगली रणनीति,

30 को INDIA ब्लॉक की बैठक में साझा मोर्चे पर फैसला

sandhyamidday@नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का अभियान अब तेज होता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस ने देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। दिल्ली में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। कई जगह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

अब कांग्रेस ने इस लड़ाई को संगठन के शीर्ष स्तर पर ले जाने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस कार्यसमिति की मंगलवार, 29 सितंबर को बैठक होगी। इसके अगले दिन, 30 सितंबर को INDIA ब्लॉक के घटक दलों की बैठक प्रस्तावित है। दोनों बैठकों में एसआईआर, चुनाव आयोग से जुड़े विवाद और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की राजनीतिक व संसदीय रणनीति पर चर्चा होगी।

सड़क पर शक्ति प्रदर्शन, संसद में हटाने की तैयारी
विपक्ष अब केवल प्रदर्शन तक सीमित रहने के बजाय संसद के जरिए भी दबाव बढ़ाने की तैयारी में है। विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए नया प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक कानूनी विशेषज्ञों से प्रस्ताव की समीक्षा के बाद दोनों सदनों में इसे आगे बढ़ाने की तैयारी है। यह विपक्ष की ओर से ऐसा तीसरा प्रयास हो सकता है।

कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर की प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। दूसरी ओर चुनाव आयोग का कहना है कि आयोग के भीतर अलग-अलग राय और टिप्पणियां संस्थागत विचार-विमर्श का सामान्य हिस्सा हैं और उसके आदेश कानूनी प्रक्रिया के तहत जारी हुए हैं।

ज्ञानेश पर BJP टिकट वाले दावे से गरमाई सियासत
विवाद के बीच केरल के पूर्व मुख्य सचिव जीजी थॉमसन के दावे ने कांग्रेस के हमले को नया राजनीतिक मुद्दा दे दिया है। थॉमसन ने दावा किया है कि 2016 में एक विमान यात्रा के दौरान तत्कालीन आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार ने उनसे 2019 का लोकसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ने को कहा था। थॉमसन के मुताबिक उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था। इस दावे को लेकर राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं ने ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाए हैं और उनके इस्तीफे की मांग तेज की है।

अब तीन दिन अहम
28 सितंबर: देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन और इस्तीफे की मांग।
29 सितंबर: कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक—आगे के आंदोलन और संसदीय रणनीति पर मंथन।
30 सितंबर: INDIA ब्लॉक की संभावित बैठक—संयुक्त रणनीति और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की कार्रवाई पर चर्चा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments