भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने 45 साल पुराने मामले को उठाया, SIR में वोट चोरी के आरोपों पर किया पलटवार
sandhyamidday@नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ का नैरेटिव चलाने वाली कांग्रेस को पहले 1980 में सोनिया गांधी के मतदान को लेकर उठे सवालों का जवाब देना चाहिए। करीब 45 साल पुराने इस मुद्दे को उठाकर प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस और सोनिया गांधी व राहुल गांधी पर जमकर सियासी निशान साधा। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सवाल किया कि वे क्या इस मामले पर जवाब देंगे कि उनकी सरकार के समय लोकतंत्र की चोरी कैसे हुई?
भंडारी ने कहा कि इस मामले में अदालत ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के पुराने आदेश को खारिज कर नए सिरे से जांच के निर्देश दिए हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस से सवाल किए कि 1980 में सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने कैसे हुआ? जब वह भारत की नागरिक नहीं थीं तो उन्हें मतदान की अनुमति कैसे मिली? वोट चोरी का आरोप लगाने वाली काँग्रेस क्या लोकतंत्र की चोर नहीं है ?
भंडारी ने 1991 में मतदान के दौरान सोनिया गांधी की तस्वीर सामने आने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान की गोपनीयता से जुड़े नियमों का भी उल्लंघन हुआ। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एसआईआर का विरोध करने वाली कांग्रेस को पहले अपने पुराने मामले पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

