sandhyamidday@newdelhi@ पश्चिम बंगाल में शनिवार को भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी की शपथ के साथ ही अब भाजपा का फोकस मिशन पंजाब हो गया है। पंजाब में इसका असर भी शनिवार को ही दिखा। ईडी की रेड शनिवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां पड़ी है। आम आदमी पार्टी ने इसे भाजपा के इशारे पर होना बताया है। पंजाब में 2027 में मार्च में चुनाव होना है, इसलिए अब पूरा फोकस बंगाल से पंजाब पर शिफ्ट हो गया है। अब यहां खेल होने की तैयारी शुरू हो गई है.
पंजाब सरकार मे कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रेड की है.
उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े कुछ लोगों के ख़िलाफ़ मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच में यह छापा पड़ा है.
अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि संजीव अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित सरकारी घर भी उन पांच जगहों में शामिल है, जहां छापे मारे गए.
रेड में दिल्ली और गुरुग्राम (हरियाणा) के भी कई ठिकाने हैं, इनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नाम की कंपनी का दफ़्तर भी शामिल है.
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, “जैसे ही बंगाल चुनाव ख़त्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज़ ईडी की रेड करना शुरू कर दिया है. पिछले कुछ सालों में मोदी जी ने पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है.”
उन्होंने लिखा, “कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी रेड हुई. वो बीजेपी में शामिल नहीं हुए तो उनके यहाँ फिर से रेड करवा दी.”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर लिखा, “आज फिर से बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है. एक साल में ये तीसरी बार उनके घर बीजेपी की ईडी आई है. पिछले एक महीने में दूसरी बार. फिर भी कुछ नहीं मिला है.”
उन्होंने आगे लिखा, “ईडी-बीजेपी के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा.”

